प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को साइबर अपराध से बचाव का दिया गया विशेष प्रशिक्षण



– साइबर विशेषज्ञ रक्षित टंडन ने बताए ऑनलाइन ठगी के नए तरीके और बचाव के उपाय

फतेहपुर। पुलिस लाइन जनपद फतेहपुर में रविवार को आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों के लिए साइबर जागरूकता एवं साइबर अपराध की रोकथाम को लेकर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सरदार वल्लभ भाई पटेल सभागार में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञ एवं सलाहकार रक्षित टंडन ने प्रशिक्षुओं को साइबर अपराध के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और आम नागरिक के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के लिए भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहना बेहद आवश्यक है। रक्षित टंडन ने फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी कॉल, लिंक के माध्यम से ठगी, फेक एप्लीकेशन, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों पर उदाहरणों के माध्यम से समझाया। साथ ही प्रशिक्षुओं को यह भी बताया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि साइबर अपराध की शिकायत के लिए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 एवं पोर्टल cybercrime.gov.in पर तुरंत शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जिससे पीड़ित को समय रहते सहायता मिल सके। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और वे आम जनता को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति बेहतर तरीके से जागरूक कर सकेंगे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और अपने कार्यक्षेत्र में जनता को भी डिजिटल जागरूकता का संदेश दें, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।