पेड़ से गिरकर लकड़ी काटने वाला मजदूर गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर



फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के खैरेई गांव के समीप पेड़ पर चढ़कर डाल काट रहे एक मजदूर के नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीतापुर जनपद के तंबौर थाना क्षेत्र के चांदी गांव निवासी हरदेव का 40 वर्षीय पुत्र प्रमोद लकड़ी कटाई का कार्य करता है। वर्तमान में वह फतेहपुर जनपद के खागा क्षेत्र के खैरेई गांव के पास लकड़ी काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान वह करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर डाल काट रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल प्रमोद को इलाज के लिए हरदो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल को एलएस एंबुलेंस संख्या UP 32 EG 6238 से जिला अस्पताल लाया गया। एंबुलेंस में ईएमटी भूपेंद्र व पायलट उमेश कुमार ने घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने प्रमोद को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। फिलहाल मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए हैं।