किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू अराजनैतिक की बैठक हुई संपन्न



– समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

बिंदकी/फतेहपुर। विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक गुट द्वारा तहसील परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों ने अपनी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं और कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो यूनियन आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के तहसील अध्यक्ष सुधीर प्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह ने कहा कि आवारा पशुओं को गौशालाओं में सुरक्षित किया जाए, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र के कई गांवों में सड़क, गली और खरंजा पर मवेशी बांधे जा रहे हैं, जिससे गंदगी फैल रही है, बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है और आमजन का आवागमन बाधित हो रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चांदपुर समिति को जल्द चालू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे किसानों को समय पर खाद मिल सकेगी। साथ ही हरदौलपुर गांव में रेलवे लाइन पर अंडरपास निर्माण की मांग रखी, ताकि किसानों और पशुओं को खेतों तक जाने में होने वाली परेशानी दूर हो सके। इसके अलावा फरीदपुर गांव से सरकंडी माइनर तक जर्जर सड़क का निर्माण कराने, बिंदकी कस्बे के मां ज्वाला देवी मंदिर तिराहे से बाईपास होते हुए कुंवरपुर रोड तक खराब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई। अरईपुर घेरवा खजुहा निवासी कल्लू कुमार को पट्टे के कागजात उपलब्ध कराने और पांडु नदी पुल से गंगा नदी पुल के बीच करीब तीन किलोमीटर जर्जर सड़क के निर्माण की भी मांग उठाई गई। किसानों ने एक स्वर में कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक गुट सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा।
बैठक में यूनियन के तहसील उपाध्यक्ष रज्जन सिंह, प्रचार मंत्री सुखीराम, कल्लू मास्टर, राजू उर्फ बवंडर, धर्मेंद्र सिंह, शिवकांत, मोहम्मद इसरार, अमरीश, राजबहादुर, छेद्दू पासवान, समी शाह, रीता देवी, सुशीला देवी, सफीकुन, राम सखी देवी, शुभम, रामाधार बाबा, सरोज देवी, मनीषा, जानकी, शिव दर्शन, संदीप सिंह, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।