शिव मंदिर के वार्षिक उत्सव पर हवन-पूजन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन



— शनि देव महाराज की भी हुई विधिवत पूजा-अर्चना

बिंदकी/फतेहपुर। बिन्दकी कस्बे के सराफा बाजार स्थित शिव मंदिर एवं शनि देव मंदिर परिसर में शिव मंदिर के वार्षिक उत्सव के अवसर पर हवन-पूजन के साथ सोमवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और भगवान शिव व शनि देव महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। भंडारा देर शाम तक चलता रहा।
उत्सव के तहत पहले विधिवत हवन-पूजन कराया गया, जिसके उपरांत दोपहर करीब 2 बजे से भंडारे की शुरुआत हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जल, फूल, बेलपत्र अर्पित किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही शनि देव महाराज की भी विधिवत पूजा कर मन्नतें मांगी गईं। हवन-पूजन का आयोजन पंडित अरुण कुमार तिवारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “जय शनि देव” के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आयोजनकर्ताओं ने बताया कि भंडारे का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सेवा करना और धार्मिक आस्था को मजबूत करना है।
इस मौके पर कुलदीप गुप्ता, विष्णु कुमार द्विवेदी, लवी गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, छोटे नंबरी, ज्ञानेंद्र वर्मा, सनी, कैलाश वर्मा, सोनू अग्रवाल, हरिओम वर्मा, उमेश कुमार, लाल वर्मा, सतीश कुमार, वरुण सोनी, पंकज, अनुराग, मयंक, महेश सोनी, बसंत वर्मा, शिवांशु लोहिया, ईशान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।