खुशबू को न्याय दिलाने थरियांव थाने का घेराव, गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक का प्रदर्शन



फतेहपुर। जनपद के थरियांव थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाएं गुलाबी परिधान में हाथों में लाठी-डंडे लेकर थाने पहुंच गईं। औराई गांव की युवती खुशबू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और पुलिस की कथित शिथिल कार्यशैली के विरोध में महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए थाने का घेराव किया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अध्यक्ष हेमलता पटेल ने आरोप लगाया कि थरियांव पुलिस की संवेदनहीनता के कारण ही खुशबू को आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर संज्ञान लिया होता, तो आज एक परिवार की बेटी को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ती। उन्होंने थानों में पीड़ितों की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
संगठन की ओर से पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) थरियांव के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन रिसीव करने के लिए मौके पर नायब तहसीलदार पहुंचीं।
ज्ञापन में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कथित लापरवाह पुलिसकर्मियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई तथा जनपद में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण की मांग उठाई गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो संगठन पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होगा। नायब तहसीलदार ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने तथा मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में अध्यक्ष हेमलता पटेल के साथ सरला सिंह, उत्तरा, राजनीति, सरिता, सुमन, शहरून, विनीता, काजल, रानी, रेखा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और पीड़ित परिजन मौजूद रहे।