हाईवे हादसे में पिकअप ट्रेलर से टकराई, आठ की मौत जबकि कई घायल



कौशाम्बी। सैनी कोतवाली क्षेत्र के डोरमा गांव के पास शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकअप हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि डेढ़ दर्जन के करीब लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज से कानपुर लेन पर स्थित नेशनल हाईवे पर डोरमा गांव के समीप पेट्रोल पंप के सामने यह हादसा करीब तीन बजे हुआ। फतेहपुर जनपद से लगभग 25 लोग पिकअप वाहन में सवार होकर प्रयागराज गए थे और वापस लौटते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप खड़े ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर आईजी अजय मिश्रा, एडीजी ज्योति नारायण, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, एडीएम शालिनी प्रभाकर सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। चार एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी सिराथू पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड और नेशनल हाईवे टीम ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस के अनुसार हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों और घायलों में फतेहपुर जनपद के विभिन्न गांवों के लोग शामिल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।