पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड, एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने किया व्यापक निरीक्षण



फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस बल ने टोलीवार ड्रिल का प्रदर्शन किया, जिसमें जवानों की अनुशासन, समन्वय और एकरूपता पर विशेष ध्यान दिया गया।
परेड के दौरान एसपी ने चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की और जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं पेशेवर दक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता और जनता के प्रति जिम्मेदारी को मजबूत बनाने के लिए नियमित प्रशिक्षण और अनुशासन बेहद जरूरी है। परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने आरटीसी बैरकों, प्रशिक्षण कक्ष, कैंटीन, वर्दी स्टोर, आवासीय कॉलोनी और परिवहन शाखा का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, रख-रखाव और सुविधाओं की गुणवत्ता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। यूपी-112 शाखा तथा पीआरवी वाहनों में लगे बॉडीवॉर्न कैमरों और अन्य उपकरणों की भी बारीकी से जांच की गई, ताकि आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने भोजनालय का भी जायजा लिया और वहां भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा कर्मचारियों की व्यवस्था को परखा। साथ ही गार्ड रजिस्टरों की जांच कर अभिलेखों के सही संधारण के निर्देश दिए। इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। एसपी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने के लिए प्रेरित किया।