डम्पर की टक्कर से ई-रिक्शा सवार किशोर गंभीर घायल



फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के असोथर रोड स्थित बहरामपुर ओवरब्रिज पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार डम्पर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार असोथर थाना क्षेत्र के टीकर गांव निवासी रमेश का 15 वर्षीय पुत्र अमन ई-रिक्शा से किसी काम से थरियांव कस्बे जा रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा बहरामपुर ओवरब्रिज पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे डम्पर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और निजी एंबुलेंस से घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।