– अधिवक्ताओं को लुभाने के लिए प्रत्याशियों के बड़े-बड़े वादे, जनसंपर्क अभियान चरम पर
– युवा से वरिष्ठ वकीलों तक को साधने की कोशिश, हर वर्ग को लुभाने की रणनीति
फतेहपुर। जिला बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर कचेहरी परिसर में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। विभिन्न अधिवक्ता संगठनों के प्रत्याशी कलेक्ट्रेट और दीवानी परिसर में लगातार जनसंपर्क कर अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
आदर्श अधिवक्ता संगठन से अध्यक्ष पद के लिए रमेश भदौरिया और विजय कुमार सिंह मैदान में हैं, जबकि महामंत्री पद के लिए धर्मेंद्र मिश्रा और अनुराग नारायण मिश्रा अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद हेतु शाहिद अख्तर भी चुनावी मैदान में सक्रिय हैं। वहीं, सर्व समाज एवं व्यवस्था परिवर्तन अधिवक्ता संगठन से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार बाबू सिंह यादव और सचिव पद के लिए मोहम्मद शाहजहां चुनावी दौड़ में शामिल हैं। इसके अलावा सर्व समाज अधिवक्ता संगठन से जगनायक सचान (अध्यक्ष) और अनिल कुमार श्रीवास्तव (महामंत्री) भी अधिवक्ताओं से संपर्क कर समर्थन जुटा रहे हैं।
चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने अधिवक्ताओं के हित में कई बड़े वादे किए हैं। इनमें बीमार होने पर 50 हजार रुपये की तत्काल चिकित्सा सहायता और असामयिक मृत्यु पर परिवार को 50 हजार रुपये देने का आश्वासन शामिल है। इसके अलावा कचहरी परिसर में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, नियमित सफाई, महिला और दिव्यांग अधिवक्ताओं के लिए विशेष शौचालय व बैठने की अलग व्यवस्था कराने का वादा भी किया गया है। युवा अधिवक्ताओं को 1000 रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता और कानूनी पुस्तकें उपलब्ध कराने के साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए विशेष आर्थिक सहयोग की भी घोषणा की गई है। प्रत्याशियों ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और संगठन के आय-व्यय का विवरण हर माह नोटिस बोर्ड पर सार्वजनिक करने का भरोसा दिलाया है। साथ ही सामूहिक बीमा योजना के तहत मृत्यु पर एक लाख रुपये की सहायता दिलाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया है। चुनावी माहौल के बीच बड़ी संख्या में अधिवक्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रत्याशियों ने भावुक अपील करते हुए अधिवक्ताओं से अपने पक्ष में ‘मूल मत’ देने की गुहार लगाई।
