फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के सखियांव गांव के समीप बुधवार को एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उस पर सवार एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सखियांव गांव निवासी श्रीनाथ की 55 वर्षीय पत्नी सीता देवी और गांव के ही निवासी लल्लन सिंह के 50 वर्षीय पुत्र मलखान सिंह ई-रिक्शा पर सवार होकर किसी काम से शहर की ओर जा रहे थे। जैसे ही रिक्शा गांव से कुछ दूरी आगे बढ़ा, अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सीता देवी और मलखान सिंह को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने तुरंत सरकारी एम्बुलेंस को फोन कर बुलाया। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने दोनों को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति और तेज रफ्तार के कारण इस तरह के हादसे अक्सर होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुधार और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
