– सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर 2 घंटे में कार्रवाई
– बाइक सीज, सख्त धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
– “महिला सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस” — एसपी
फतेहपुर। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में स्कूल जा रही छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और छींटाकशी करने वाले दो मनचलों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है, जबकि उनकी मोटरसाइकिल को भी सीज कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को आईटीआई रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने स्कूल जा रही छात्राओं के साथ अभद्रता की। आरोप है कि उन्होंने छात्राओं का हाथ पकड़ने की कोशिश की और छींटाकशी की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सदर कोतवाली में स्वतः मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। साथ ही उनकी बाइक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपी कोतवाली में माफी मांगते नजर आए और भविष्य में ऐसी हरकत न करने का वादा किया। उन्होंने लड़कियों को बहन-बेटी मानने की बात भी कही। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने स्पष्ट किया कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में ऐसी घटनाओं पर “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान का माहौल कायम किया जा सके।
