– सभी ग्रामसभाओं में मुनादी कराने के निर्देश, सहखातेदारों की भी होगी अनिवार्य रजिस्ट्री
फतेहपुर। जनपद में किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने तहसील खागा क्षेत्र के ग्रामसभा बुदवन में कृषि विभाग द्वारा आयोजित फॉर्मर रजिस्ट्री कैंप का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए उन्हें जल्द से जल्द अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लेखपाल को निर्देशित किया कि वह प्रत्येक किसान से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराएं।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी ग्रामसभाओं में मुनादी कराकर किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री कैंप की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने उपजिलाधिकारी खागा अभिनीत कुमार को निर्देशित किया कि वे अपने नेतृत्व में इस अभियान की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय सीमा में फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कराएं। प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि फॉर्मर रजिस्ट्री विकास खंड कार्यालय, सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर), पंचायत सहायक, रोजगार सेवक और लेखपाल के माध्यम से कराई जा सकती है। साथ ही, जिन किसानों के नाम भूमि में सहखातेदार के रूप में दर्ज हैं, उन सभी की रजिस्ट्री कराना अनिवार्य होगा। इस दौरान उपजिलाधिकारी खागा, उप कृषि निदेशक सतेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
