किसानों का सत्याग्रह चौथे दिन भी जारी, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जाम की दी चेतावनी



आज़मगढ़। साधन सहकारी समिति प्रतापपुर के अंतर्गत खाद वितरण केंद्र गद्दोपुर मिल्कीपुर पर किसानों का सत्याग्रह आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जाम कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
पूर्वांचल किसान यूनियन के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन में किसानों ने आरोप लगाया कि लगातार मांग करने के बावजूद केंद्र पर डीएपी खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। पिछले चार दिनों से एक भी बोरी डीएपी का वितरण नहीं हुआ है। यही हाल किसान सेवा केंद्र पवई का भी है, जहां गेहूं का बीज नदारद बताया जा रहा है। किसानों ने कहा कि वे कई बार केंद्रों का चक्कर लगाकर थक चुके हैं। सत्याग्रह का नेतृत्व कर रहे पूर्वांचल किसान यूनियन के महासचिव वीरेंद्र यादव ने कहा कि यह समय बुवाई का है और खाद-बीज की अनुपलब्धता से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी आज़मगढ़ से तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। वीरेंद्र यादव ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो यूनियन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जाम आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने लोकबंधु राजनारायण के नारे को दोहराते हुए कहा कि “याचना नहीं अब रण होगा, संघर्ष बड़ा भीषण होगा।”
आज के सत्याग्रह में बसपा के वरिष्ठ नेता रामकिशन राजभर, समाजसेवी रामअवतार गुप्ता, योगेंद्र प्रताप सिंह, पारस चौरसिया, अवनीश यादव, टुना, बीराराम, श्रीप्रकाश यादव, हीरालाल व रामकुमार चौरसिया सहित कई लोग शामिल रहे।