रात से लगी लंबी कतारें, कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक
– जगह-जगह हुए भंडारे
फतेहपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सिद्धपीठ तांबेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु रात के पहर से ही लंबी कतारों में खड़े नजर आए। प्रशासन की व्यवस्था के चलते भक्तों को भगवान शिव के दुर्लभ दर्शन सुलभ हो सके। वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे कांवड़ियों द्वारा जलाभिषेक भी संपन्न कराया गया।
श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में लगे मेले में खरीदारी की और जगह-जगह आयोजित भंडारों में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के कोषाध्यक्ष बलराम द्वारा पहली बार भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान देवेंद्र सिंह पटेल, रवि, रोहित सिंह परिहार, पवन सिंह, मूलचंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं हाइडिल कॉलोनी के समीप आयोजित भंडारे में पूरी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें धर्मेंद्र तिवारी, धीरेंद्र मामा, राजेश शुक्ला, अनिल वर्मा, मुशीर अहमद, इंद्रेश तिवारी सहित कई लोग शामिल रहे। इसी क्रम में बुलेट चौराहा पर ठंडाई का प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें डॉक्टर के.एन. सिंह, प्रतीक सिंह, रविराज सिंह, कुलदीप गुप्ता, सत्य प्रकाश मौर्य, निलेश, अभय, अमित, जितेंद्र सिंह पिंटू, सत्यम सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। देवीगंज पुल के पास बाबा बर्फानी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर सुशील सिंह कछुआ, छोटे, स्वास्थ्य रामकिशोर यादव, लल्ला गुप्ता, रमेश गुप्ता द्वारा भंडारे का आयोजन कराया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरी-सब्जी और बूंदी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा राधा नगर पावर हाउस के सामने स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर में लगातार पांच वर्षों से चल रहे भंडारे में भी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर विकास गुप्ता, कैलाश गुप्ता, माधव प्रसाद गुप्ता, प्रकाश चंद्र गुप्ता, आशीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे। पूरे दिन शिवभक्ति का माहौल बना रहा और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
