मदरियापुर में सरकारी हैंडपंप पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार



– मोटर लगाकर पानी रोकने का आरोप, महिलाओं से अभद्रता का भी दावा

फतेहपुर। जनपद के भिटौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मदरियापुर (मजरे कवई) में सरकारी हैंडपंप को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव के निवासी रामभूषण पुत्र स्व. जगन्नाथ ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि सरकारी हैंडपंप पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से मोटर लगाकर कब्जा कर लिया गया है, जिससे आम ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा है।
पीड़ित के अनुसार, इस मामले में पूर्व में 13 दिसंबर 2025 को थाना राधानगर पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था, जिसकी प्रति भी प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न की गई है। इसके बावजूद 15 मार्च 2026 को प्रीति सिंह, उनके पति वृजेश कुमार और अन्य लोगों द्वारा कथित रूप से दबंगई के बल पर हैंडपंप को खोलकर दोबारा मोटर लगाने का प्रयास किया गया। उस समय गांव की महिलाओं ने विरोध करते हुए 112 नंबर पुलिस को बुलाया, जिससे कार्य रुकवा दिया गया। आरोप है कि 16 मार्च को पुनः उक्त लोग आए और जबरन मोटर लगवा दी। इस दौरान महिलाओं द्वारा विरोध करने पर गाली-गलौज भी हुई। वहीं 26 मार्च को जब रामभूषण की पुत्री मोटर चलाकर पानी भर रही थी, तभी अन्य महिलाएं पानी भरने पहुंचीं, तो मोटर बंद कर उन्हें पानी भरने से रोक दिया गया और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। पीड़ित का कहना है कि संबंधित हैंडपंप सरकारी है, जिसकी पुष्टि ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी द्वारा भी लिखित रूप में की गई है। इसके बावजूद उसे निजी बताकर आम ग्रामीणों को पानी से वंचित किया जा रहा है। रामभूषण ने बताया कि इस मामले में वह ब्लॉक प्रमुख को भी प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। ग्राम प्रधान द्वारा मौके पर पहुंचकर मोटर निकलवाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सूरजभान पाल के विरुद्ध थाना राधानगर में फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसे वापस लेने की मांग की गई है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सरकारी हैंडपंप से मोटर तत्काल हटवाई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि गांव के सभी लोगों को बराबरी से पानी मिल सके।
इस दौरान गांव के सुशीला, उर्मिला, सुनीता, रन्नो देवी, गुड़िया, इंद्रा रानी, रविशंकर कोरी, ब्राम्हदीन पाल, मनोज रैदास, श्यामबाबू पाल, चंद्रपाल, सूरजभान, शिवभवन कोरी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।