फतेहपुर में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न, प्रभारी मंत्री ने दिए सघन निर्देश



फतेहपुर। कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उ.प्र. सरकार, अजीत पाल सिंह ने की। बैठक में जनपद में चल रहे सभी विकास कार्यों, योजनाओं और कानून व्यवस्था की वर्तमान स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी केंद्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को लाभांवित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर अपने विभागों के कार्यों का निरीक्षण करें और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर उनका फीडबैक लें। साथ ही किसानों का धान पारदर्शिता के साथ क्रय कराए और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बैठक में कानून व्यवस्था, तहसील दिवस, थाना समाधान दिवस, आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतें, महिला सशक्तिकरण, अपराधियों के विरुद्ध अभियान, फुट पेट्रोलिंग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, स्वरोजगार योजनाएँ, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, कौशल विकास, प्रधानमंत्री आवास योजनाएँ, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, डिजिटल लाइब्रेरी, सामुदायिक शौचालय, स्कूल कायाकल्प, अन्नपूर्णा भवन सहित अन्य सभी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई। तथा प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे अतिक्रमण न होने दें, साइबर जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाएँ, सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें, और गौशालाओं में गौवंश का संरक्षण तथा हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखें। इसके साथ ही पंचायत भवनों, सामुदायिक शौचालयों और विद्यालयों में रख-रखाव और निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने मंत्री को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का पालन समयबद्ध और अक्षरशः किया जाएगा। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विधायकगण कृष्णा पासवान, राजेंद्र सिंह पटेल, विकास गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी, उप निदेशक कृषि, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।