परीक्षा परिणाम घोषित होते ही खिले बच्चों के चेहरे, मेधावियों का हुआ सम्मान



– महर्षि विद्या मंदिर में नर्सरी से 11वीं तक के छात्रों का वार्षिक परिणाम जारी, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

फतेहपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध महर्षि विद्या मंदिर में शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नर्सरी से कक्षा 11 तक के छात्र-छात्राओं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला और बच्चों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला जेल अधीक्षक प्रमोद कुमार त्रिपाठी एवं विशिष्ट अतिथि डायट प्राचार्या आरती गुप्ता तथा यूथ आइकॉन डॉ अनुराग श्रीवास्तव उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को रिपोर्ट कार्ड, मेरिट सर्टिफिकेट एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। वहीं डायट प्राचार्या आरती गुप्ता ने आधुनिक तकनीक के सही उपयोग पर जोर देते हुए बच्चों को मोबाइल के दुरुपयोग से दूर रहने की सलाह दी।विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि परीक्षा में सफलता विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से ही संभव होती है। उन्होंने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर अभिभावकों और छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।