मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक



फतेहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के अंतर्गत शनिवार को जनपद फतेहपुर के समस्त थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में गठित मिशन शक्ति टीम/एंटी रोमियो टीमों द्वारा प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया गया। इस दौरान शासन व पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। टीमों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
साथ ही महिलाओं की सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (पैनिक बटन का मोबाइल पर डेमो), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी पंपलेट वितरित कर दी गई।
पुलिस द्वारा महिलाओं से अपील की गई कि किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की घटना में बिना झिझक हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहें।