एसआईआर गहन पुनरीक्षण में सपा सक्रिय, रामतीर्थ परमहंस क्षेत्र में जनता को कर रहे जागरूक



फतेहपुर। खागा विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) गहन पुनरीक्षण अभियान तेजी से जारी है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका दिखाई दे रही है।
पूर्व डीआईजी और सपा के पूर्व प्रत्याशी रामतीर्थ परमहंस स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर अभियान को प्रभावी बनाने में अहम योगदान दे रहे हैं। वह लाउडस्पीकर के माध्यम से गली-नुक्कड़ में लोगों को जागरूक कर रहे हैं और मतदाता सूची संशोधन कार्य की निगरानी कर रहे हैं। इसके साथ ही, वे स्थानीय कार्यकर्ताओं को सक्रिय सहभागिता और मार्गदर्शन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता क्षेत्र में तैनात बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) और बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं, उन्हें आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दे रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और कोई मतदाता छूट न जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार एसआईआर पुनरीक्षण अभियान पहले की तुलना में अधिक संगठित और सशक्त तरीके से चल रहा है, जिससे मतदाताओं में जागरूकता भी बढ़ी है। समाजवादी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत बनाने के लिए हर स्तर पर प्रशासनिक प्रक्रिया में सहयोग करती रहेगी।