रेनॉल्ट कार शोरूम के खिलाफ कलेक्ट्रेट पहुंचा पीड़ित कर्मचारी



– वेतन व इंसेंटिव न मिलने का लगाया आरोप

फतेहपुर। थाना कल्यानपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मवइया पोस्ट कोरसम निवासी राघवेंद्र सिंह पुत्र जयपाल सिंह ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह रेनॉल्ट कार शोरूम फतेहपुर में नवंबर 2024 से 8 दिसंबर 2025 तक सेल्स मैनेजर के पद पर पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से कार्यरत था।
शिकायत में बताया गया कि अप्रैल 2025 में कंपनी द्वारा तुषार सैनी नामक व्यक्ति को टीम लीडर के पद पर नियुक्त किया गया। तुषार सैनी की कथित महत्वाकांक्षी और झूठी कार्यप्रणाली के चलते 8 दिसंबर 2025 को बिना किसी पूर्व सूचना के उसे कंपनी से सेवा से निष्कासित कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि कंपनी के मुख्य प्रबंधक गगनदीप सिंह, एचआर मैनेजर विजय सिंह और तुषार सैनी की कुत्सित मानसिकता के कारण वह बेरोजगार हो गया। राघवेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि कंपनी द्वारा नवंबर माह का वेतन, दिसंबर के आठ दिनों का वेतन एवं पिछले तीन माह का इंसेंटिव अब तक नहीं दिया गया है। जब इस संबंध में बात की गई तो तुषार सैनी द्वारा अभद्र गालियों का प्रयोग किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जीवन-यापन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए कंपनी संचालक गगनदीप सिंह, एचआर मैनेजर विजय सिंह एवं फतेहपुर शाखा के तुषार सैनी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए साथ ही बकाया वेतन एवं इंसेंटिव का तत्काल भुगतान कराया जाए।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पूर्व भी कंपनी के अन्य कर्मचारियों के एक से दो माह के वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिसको लेकर जिला श्रम अधिकारी एवं सेवायोजन कार्यालय में कई प्रार्थना पत्र पहले से लंबित हैं। पीड़ित ने कंपनी में वित्तीय अनियमितताओं, दस्तावेजों की जांच एवं मानक विहीन सेवाओं पर भी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उसे न्याय मिल सके और उसका जीवन-यापन संभव हो सके।