फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के किशनपुर रोड पर हरदो गांव के समीप चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव निवासी राम प्रसाद का 35 वर्षीय पुत्र अवधेश किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर निकला था। जैसे ही वह किशनपुर रोड पर हरदो गांव के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अवधेश सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे हरदो सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है।
घायल के साथ पहुंचे उसके रिश्तेदार शंकर ने घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
