हार्ट अटैक से उपनिरीक्षक मोहम्मद इबरार खान का निधन



फतेहपुर। जनपद के थाना सुल्तानपुर घोष में तैनात 1989 बैच के उपनिरीक्षक मोहम्मद इबरार खान का रविवार की देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनका निधन प्रयागराज स्थित निजी आवास पर हुआ, जिससे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मोहम्मद इबरार खान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जनपद गाजीपुर के दिलदार नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उसिया गांव के निवासी थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उन्होंने 15 जनवरी 1989 को पुलिस सेवा ज्वाइन की थी। वर्तमान में उनकी तैनाती 28 नवंबर 2024 को थाना सुल्तानपुर घोष में हुई थी। वह 16 जनवरी से 18 जनवरी तक अवकाश पर अपने घर प्रयागराज गए हुए थे। परिजनों के अनुसार रविवार की शाम वह चाय पीकर बैठे थे, तभी अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक उपनिरीक्षक वर्तमान में प्रयागराज शहर के राजरूपपुर चकिया क्षेत्र में अपने निजी आवास में परिवार सहित निवास कर रहे थे। सोमवार को उनका शव पैतृक गांव उसिया, जनपद गाजीपुर ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस महकमे सहित क्षेत्र में शोक व्याप्त है।