स्वामी विवेकानंद जयंती पर बजरंगापुर में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन


फतेहपुर। स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में बजरंगापुर गांव में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में भारतीय जनता पार्टी के मंडल प्रभारी एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह रिंकू लोहारी ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर प्रतिभागी युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अजय सिंह रिंकू लोहारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद के जीवन, चरित्र एवं विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए महान प्रेरणास्रोत हैं और उन्होंने यह संदेश दिया कि जो भी लक्ष्य तय किया जाए, उसे पूरा होने तक निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का अनुसरण कर आज का युवा देश को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में हिस्सा ले रहे सभी खिलाड़ियों को अजय सिंह रिंकू लोहारी द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे खिलाड़ियों में उत्साह और जोश देखने को मिला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित होकर देश के नवयुवक शिक्षा, विज्ञान, रक्षा और सामाजिक कार्यों सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं। टूर्नामेंट के दौरान आयोजक बजरंगापुर ग्राम प्रधान अरविंद सिंह सहित आदि सिंह व अन्य ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह रिंकू लोहारी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।