फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा सोमवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्रत्येक प्रकरण के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद, साइबर अपराध सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम जनता को त्वरित न्याय और सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं से संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को निडर होकर पुलिस के समक्ष रखें। जनसुनवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई।
