फतेहपुर। चौक हनुमान मंदिर में बसंत पंचमी के अवसर पर विद्या की देवी मां सरस्वती की भव्य शोभा यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। शोभा यात्रा का शुभारंभ चौक हनुमान मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आरती के उपरांत शोभा यात्रा ठठरईया रोड होते हुए मोटे महादेवन पहुंची, जहां भक्तों द्वारा पुनः माता की आरती और पूजन किया गया। इसके बाद यात्रा बांदा सागर रोड से होते हुए ज्वालागंज पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर माता सरस्वती का स्वागत किया। शोभा यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। शोभा यात्रा आगे जीटी रोड, बाकरगंज, लाठी महल और चौगलिया मार्ग से गुजरते हुए पुनः चौक हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन में आयोजकों की सक्रिय भूमिका रही, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम के प्रबंधक कालिका प्रसाद, अध्यक्ष जगन्नाथ गांधी, महामंत्री कुलदीप रस्तोगी पप्पन, कोषाध्यक्ष राजू पुरवार के साथ मनीष दीक्षित, अतुल चौरसिया, सतीश अग्रहरि, शिवाकांत चौरसिया, सूरज जोशी, कुलदीप गांधी, विकास मोदनवाल, मोनू पुरवार सहित अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से धार्मिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
