मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक



फतेहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद फतेहपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां दीं। इस दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा महिलाओं को सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इसमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। साथ ही पंपलेट वितरित कर महिलाओं को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में वे बिना झिझक पुलिस और संबंधित विभागों से सहायता प्राप्त कर सकें।