सहयोग फाउंडेशन ने दो गांवों में किया कंबल वितरण, सैकड़ों जरूरतमंदों को मिली राहत



– संस्था के संस्थापक धर्मराज मौर्य ने लिया आशीर्वाद

फतेहपुर। कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से राधेलाल मौर्य सेवा सहयोग फाउंडेशन भैरवा कला, प्रेम नगर (ऐरायां ब्लॉक) द्वारा हथगाम विकास खंड के दो गांवों सेमरा मानापुर एवं पड़री में बड़े पैमाने पर कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मानवीय पहल के अंतर्गत आसपास के कई गांवों के सैकड़ों गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए, जिनमें महिलाओं की संख्या सर्वाधिक रही।
कंबल वितरण समारोह फाउंडेशन के संस्थापक धर्म राज मौर्य के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित कवि एवं शायर शिव शरण बंधु हथगामी तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले छोटे लाल मौर्य को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। राम सेवक मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज, सेमरा मानापुर में आयोजित वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए गए। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और मुस्कान साफ दिखाई दी। ग्रामीणों ने सहयोग फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे समाजसेवी कार्यों की सराहना करते हुए इसे मानवता के प्रति प्रेरणादायक कदम बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के संस्थापक धर्म राज मौर्य ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग की सेवा करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस मानवीय पहल के तहत ग्राम पड़री, मानापुर, सालेहपुर, चकीवा, अजईपुर, कोदइला सहित आसपास के कई गांवों के गरीब और जरूरतमंद लोग लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में छोटे लाल मौर्य, शिव शरण बंधु हथगामी, मिथलेश कुमारी, सीमा देवी, राजकुमार मौर्य, पार्वती देवी, मनोज कुमार, शिवम अग्निहोत्री, निकिता अवस्थी, प्रियांशी, प्रियांश, मनीष, नंदरानी सहित अनेक गणमान्य लोग और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।