संभव अभियान में फतेहपुर को प्रदेश में 10वां स्थान, कुपोषण के खिलाफ बड़ी उपलब्धि



फतेहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संभव अभियान–5.0 के क्रियान्वयन में जनपद फतेहपुर को प्रदेश की रैंकिंग में 10वां स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि जनपद के लिए गर्व का विषय है और कुपोषण के विरुद्ध किए गए प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा वर्ष 2021 से नवाचार के रूप में शुरू किए गए संभव अभियान का मुख्य उद्देश्य सीवियर एक्यूट मालन्यूट्रिशन (SAM) से ग्रसित बच्चों का चिन्हांकन, उपचार, संदर्भन एवं सामुदायिक स्तर पर प्रभावी प्रबंधन करना है। इसके साथ ही समुदाय में व्यवहार परिवर्तन लाकर कुपोषण की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। वर्ष 2025 में संभव अभियान का पंचम चरण जुलाई से सितंबर 2025 के मध्य आयोजित किया गया, जिसमें कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने हेतु स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और संबंधित अधिकारियों ने समन्वित प्रयास किए। अभियान के अंतर्गत नियमित निगरानी, पोषण परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार के माध्यम से बड़ी संख्या में बच्चों को कुपोषण की श्रेणी से बाहर निकाला गया। अधिकारियों के अनुसार, विगत चार वर्षों से संभव अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और इस वर्ष प्रदेश में फतेहपुर को शीर्ष 10 जिलों में स्थान मिलना इस बात का प्रमाण है कि जनपद स्तर पर किए गए प्रयास प्रभावी रहे हैं। यह उपलब्धि आने वाले समय में जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।