यूजीसी के नियमों के समर्थन में सबका दल यूनाइटेड ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन



फतेहपुर। उच्च शिक्षा संस्थानों में सामाजिक न्याय, समता और आरक्षण से जुड़े प्रावधानों की रक्षा के लिए सबका दल यूनाइटेड के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को राष्ट्रपति सचिवालय, नई दिल्ली के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने यूजीसी द्वारा जारी शैक्षिक समानता से संबंधित नियमों एवं अधिसूचनाओं का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि वर्तमान यूजीसी अधिसूचना अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजनों के लिए सामाजिक न्याय और अवसर की समानता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इन प्रावधानों में किसी भी प्रकार का शिथिलीकरण या परिवर्तन संविधान के मूल उद्देश्यों के विपरीत होगा और शिक्षा में समान अवसर की अवधारणा को सीधा नुकसान पहुंचाएगा। सबका दल यूनाइटेड ने अपने ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 15(4), 15(5) एवं 46 का हवाला देते हुए कहा कि राज्य का यह दायित्व है कि वह सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के शैक्षिक हितों की रक्षा और संवर्धन करे। उच्च शिक्षा संस्थान केवल ज्ञान के केंद्र नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन के माध्यम हैं। यदि नियमों में ढील दी गई तो वंचित समुदायों को शिक्षण एवं शोध पदों से बाहर किए जाने की प्रवृत्ति बढ़ेगी। संगठन ने राष्ट्रपति से मांग की है कि वर्तमान यूजीसी अधिसूचना को कमजोर करने वाले किसी भी दबाव को अनदेखा किया जाए, सभी केंद्रीय एवं राज्य विश्वविद्यालयों में आरक्षण एवं समता संबंधी प्रावधानों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा निजी क्षेत्र के उच्च शिक्षण संस्थानों जैसे आईआईटी, आईआईएम आदि में भी इन नियमों को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। इसके साथ ही जांच समितियों में एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधित्व को 85 प्रतिशत तक सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष धोबी राहुल चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष बलराज लोधी, प्रदेश अध्यक्ष आईटी सेल देवकीनंदन लोधी, प्रदेश महासचिव सचिन पासी, प्रदेश सचिव रामेंद्र लोधी, जिला अध्यक्ष महिला सभा प्रिया लोधी, जिला महासचिव निशा चौधरी, रामदेवी, जिला अध्यक्ष युवा सभा बबलू लोधी, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद लोधी, जिला अध्यक्ष युवा सभा सत्यवीर लोधी, विधानसभा अध्यक्ष आनंद लोधी, विधानसभा उपाध्यक्ष मानसिंह मौर्य, विधानसभा प्रभारी/अध्यक्ष अभिमन्यु कुमार लोधी, जिला सचिव राम लखन लोधी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।