पाक्सो एक्ट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, भेजा गया जेल



बिंदकी/फतेहपुर। आठ माह पहले एक किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली बिंदकी पुलिस ने बुधवार को बिंदकी कस्बे के गांधी चौराहे से पाक्सो एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त अंशू कुमार (उम्र लगभग 21 वर्ष) पुत्र अयोध्या, निवासी ग्राम चंदापुर भदवारा, थाना सजेती, जनपद कानपुर नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दिन में करीब 1 बजे कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बताया गया कि अभियुक्त ने अपने एक अन्य साथी के साथ करीब आठ माह पूर्व कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा लिया था। इस संबंध में किशोरी के पिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तभी से आरोपी फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है।