एसपी अनूप कुमार सिंह ने पुलिस लाइन का किया निरीक्षण



– परेड की सलामी लेकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

फतेहपुर। जनपद के पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन पहुंचकर टोलीवार परेड की सलामी ली और परेड में शामिल समस्त पुलिसकर्मियों एवं प्रशिक्षु आरक्षियों के टर्नआउट का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन और परेड की व्यवस्था को परखा तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आरक्षियों से उनके प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरटीसी बैरकों में रह रहे प्रशिक्षु आरक्षियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही प्रशिक्षण कक्ष का निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में एसपी ने पुलिस लाइन स्थित कैंटीन, वर्दी स्टोर, आवासीय कॉलोनी, परिवहन शाखा तथा यूपी-112 शाखा का भी जायजा लिया। उन्होंने परिवहन शाखा में मौजूद वाहनों की स्थिति और उनके रखरखाव के संबंध में जानकारी ली तथा वाहनों के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए। यूपी-112 शाखा में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली और जनसहायता से जुड़े मामलों में तत्परता बरतने के निर्देश दिए। इसके अलावा एसपी ने पुलिस लाइन के भोजनालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की स्थिति को भी देखा। उन्होंने गार्द रजिस्टरों का अवलोकन कर अभिलेखों के रख-रखाव को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का अनुशासन, प्रशिक्षण और बेहतर व्यवस्थाएं पुलिस की कार्यक्षमता को मजबूत बनाती हैं, इसलिए सभी शाखाओं में साफ-सफाई, अनुशासन और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन एवं प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।