– विश्व हिंदू महासंघ ने सौंपी जिम्मेदारी
फतेहपुर। विश्व हिंदू महासंघ द्वारा हिंदू समाज को संगठित और जागृत करने के उद्देश्य से संगठन विस्तार का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत इजूरा खुर्द निवासी एवं श्री पंचमुखी महादेव मेला कमेटी के युवा अध्यक्ष तथा पत्रकार ठाकुर दिव्यांश प्रताप सिंह को विश्व हिंदू महासंघ भारत के युवा प्रकोष्ठ का जिला सचिव मनोनीत किया गया है।
बताया जाता है कि ठाकुर दिव्यांश प्रताप सिंह सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए क्षेत्र में जाने जाते हैं। इजूरा खुर्द में आयोजित होने वाले श्री पंचमुखी महादेव मेले के आयोजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, जिसमें हजारों की संख्या में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल होते हैं। कम उम्र में इतने बड़े धार्मिक आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराना उनकी पहचान को और मजबूत बनाता है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि विश्व हिंदू महासंघ का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, सनातन धर्म के देवी-देवताओं और संस्कृति के संरक्षण तथा उत्थान के लिए कार्य करना है। संगठन के माध्यम से युवाओं को धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में विश्व हिंदू महासंघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिपाठी द्वारा जनपद स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है। उन्होंने ठाकुर दिव्यांश प्रताप सिंह को युवा प्रकोष्ठ का जिला सचिव बनाते हुए संगठन की गतिविधियों को जनपद में और अधिक मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे और हिंदुत्व तथा सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
