– भाजपा ने शंकराचार्य का किया अपमान – अखिलेश यादव
– चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराए – अखिलेश यादव
– अखिलेश यादव ने कांशीराम को भारत रत्न देने की उठाई मांग
लखनऊ। अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा कोई राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक गैंग की तरह काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पूज्य शंकराचार्य जैसे संतों का भी सम्मान नहीं किया और प्रयागराज माघ मेला में उन्हें गंगा स्नान तक नहीं करने दिया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
मुंबई में आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर आगरा में देश का सबसे बड़ा म्यूजियम बनाया जा रहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे रोक दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार लगभग 300 करोड़ रुपये का म्यूजियम बना रही थी और इसमें महाराष्ट्र के लोगों को भी एक हजार करोड़ रुपये की मदद करनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छत्रपति शिवाजी के नाम पर एक हजार एकड़ का बड़ा पार्क बनाया जाएगा। वहीं पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग को निष्पक्ष चुनाव कराना चाहिए और किसी भी राजनीतिक दल की कठपुतली की तरह काम नहीं करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान प्रशासन, भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को एकजुट करने का काम कर रही है और इसके लिए पीडीए का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि आज समाजवादी लोग बहुजन नायक कांशीराम को याद कर रहे हैं, जिन्होंने बहुजन समाज को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अखिलेश यादव ने कहा कि कांशीराम ने भीमराव अंबेडकर के मार्ग पर चलते हुए समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की मांग है कि कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी राम मनोहर लोहिया के विचारों और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के मार्ग पर चलकर लोगों को जोड़ने का काम कर रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा को हटाने का लक्ष्य रखती है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में समाजवादी पार्टी ममता बनर्जी का समर्थन कर रही है और चाहती है कि वह दोबारा मुख्यमंत्री बनें। इस अवसर पर महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आजमी, सांसद राजीव राय तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा भी मौजूद रहे।
