– युवा, किसान और सामाजिक कार्यकर्ता जनजागरण में जुटे, आंदोलन को मिल रहा जनसमर्थन
बांदा। पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर निकाली जा रही “गांव–गांव, पांव–पांव यात्रा” अपने आठवें दिन कालिंजर–नरैनी क्षेत्र में पहुँची। यहां स्थानीय लोगों ने यात्रा का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
इस यात्रा में बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला, बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय, यात्रा संयोजक आश्रय सिंह तथा बांदा क्षेत्र के नेतृत्वकर्ता जयराम सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे। यात्रा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को पृथक बुंदेलखंड राज्य की आवश्यकता और उसके संभावित लाभों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। यात्रा में शामिल युवा, किसान और सामाजिक कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और उन्हें आंदोलन से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी बुंदेलखंड के विकास और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए अलग राज्य की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। इस अवसर पर बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र लंबे समय से भुखमरी, बेरोजगारी, पलायन और पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बुंदेलखंड को पृथक राज्य का दर्जा मिलता है तो यहां की स्थानीय सरकार क्षेत्र की समस्याओं जैसे रोजगार, सिंचाई और कृषि से जुड़े मुद्दों पर अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हर घर से दो हाथ इस आंदोलन के लिए आगे आएं, ताकि बुंदेलखंड के अधिकार और सम्मान की इस लड़ाई को और मजबूत बनाया जा सके।
यात्रा के दौरान राजा बुंदेला, प्रवीण पांडेय, जयराम सिंह, कालू राम प्रजापति, अजय सिंह, सत्येंद्र सिंह, राजू सिंह सहित कई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने अलग बुंदेलखंड राज्य के समर्थन में आवाज बुलंद की और आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
