खागा/फतेहपुर। किशनपुर नगर पंचायत में निर्माणाधीन स्थाई कान्हा गौशाला एक वर्ष बीतने के बाद भी अधूरी पड़ी है, जिससे कस्बे में अन्ना मवेशियों की समस्या बढ़ती जा रही है। बाजार, सड़क और चौराहों पर शाम होते ही गोवंशों के झुंड देखे जा रहे हैं, जो लोगों के लिए परेशानी और खतरा बन रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बताया गया कि करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से 500 गोवंशों की क्षमता वाली गौशाला का निर्माण कार्य एक साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन तय समय सीमा के बावजूद अब तक पूरा नहीं हो सका। इसके चलते नगर में सैकड़ों अन्ना मवेशी अलग-अलग झुंड में घूम रहे हैं। सब्जी बाजार समेत अन्य इलाकों में ये गोवंश घूमकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई बार राहगीर और स्कूली बच्चे इनके कारण चोटिल भी हो चुके हैं। मंडी चौराहा, रामपुर चौराहा, थाना परिसर, अस्पताल और बस स्टॉप जैसे स्थानों पर रोजाना शाम के समय गोवंशों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं भोजन के अभाव में गोवंश कूड़े-कचरे में सड़ा-गला खाना तलाशते नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी स्थिति और भी दयनीय हो गई है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि गौशाला निर्माण की समय सीमा बढ़ाकर 31 मार्च कर दी गई है। साथ ही ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा।
