हसवा सहित कई क्षेत्रों की मस्जिदों में अदा हुई ईद-उल-फ़ितर की नमाज़, अमन-चैन की मांगी गई दुआ



फतेहपुर। जनपद के थारियावं थाना क्षेत्र अंतर्गत हसवा सहित विभिन्न इलाकों की मस्जिदों में ईद-उल-फ़ितर की नमाज़ अकीदत और उत्साह के साथ अदा की गई। सुबह से ही नमाजी बड़ी संख्या में आमापुर, मोहम्मदपुर कला, एकारी, कोर्रा सादात, साडा-बेती, बिलंदा और हसवा सहित अन्य गांवों की मस्जिदों में पहुंचने लगे, जहां मौलानाओं द्वारा नमाज़ अदा कराई गई।
मस्जिदों में बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों ने समय पर पहुंचकर नमाज़ अदा की और देशवासियों की सलामती, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। हसवा कस्बे के ईदगाह में सुबह करीब 8 बजे मौलाना रेहान ने नमाज़ अदा कराई। इसके अलावा खेलदार, बाजार, चौधराना और टैम्पो स्टैंड स्थित मस्जिदों में भी नमाज़ अकीदत के साथ अदा की गई। नमाज़ के बाद लोगों ने अपने घरों में सेवइयां और अन्य पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। मौलाना रेहान ने बताया कि नमाज़ के बाद मुल्क की तरक्की, अमन-शांति और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआएं की गईं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस क्षेत्राधिकारी थरियांव वीर सिंह के नेतृत्व में संवेदनशील इलाकों और मस्जिदों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई। इस दौरान थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह तथा चौकी इंचार्ज अरूण कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद की नमाज़ पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और पूरे क्षेत्र में त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।