काली पट्टी बांधकर अदा हुई ईद-उल-फ़ितर की नमाज़, ग़म और एकजुटता का दिखा अनोखा संदेश



– बहेरा सादात गांव में शिया ईदगाह में मौलाना सैय्यद खादिम अब्बास ज़ैदी ने पढ़ाई नमाज़

– साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी रहे उपस्थित

फतेहपुर। खागा तहसील क्षेत्र के बहेरा सादात स्थित शिया ईदगाह में इस वर्ष ईद-उल-फ़ितर की नमाज़ ग़म और संवेदना के माहौल में अदा की गई। शिया समुदाय के लोगों ने अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर नमाज़ पढ़ी और आयतुल्ला सय्यद अली खामनेई की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया। ईदगाह में बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। इस मौके पर मौलाना सैय्यद खादिम अब्बास ज़ैदी ने नमाज़ अदा कराई। नमाज़ से पहले और बाद में विशेष दुआओं का सिलसिला जारी रहा, जिसमें शहीदों की मग़फ़िरत, दुनिया में अमन-ओ-अमान और इंसाफ की बहाली के लिए दुआ की गई।
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल ग़मगीन रहा। लोगों के चेहरों पर उदासी साफ झलक रही थी और कई लोगों की आंखें नम दिखाई दीं। ईद की खुशियों के बीच ग़म का यह आलम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। समुदाय के लोगों ने बताया कि यह कदम ईरान में शहीद हुए निर्दोष लोगों, विशेषकर स्कूली बच्चों के प्रति संवेदना और एकजुटता प्रकट करने के लिए उठाया गया। इस अवसर पर साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार शहंशाह आब्दी भी मौजूद रहे। खास बात यह रही कि छोटे-छोटे बच्चों ने भी इस ग़म में बराबर की हिस्सेदारी दिखाई। कई बच्चों ने नए कपड़े पहनने की ज़िद नहीं की और पुराने कपड़ों में ही ईद की नमाज़ अदा की। बच्चों का यह भावनात्मक कदम वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया और यह संदेश दिया कि वे भी शहीद बच्चों के ग़म में शामिल हैं।
समुदाय के बुजुर्गों और जिम्मेदार लोगों ने अपने संबोधन में कहा कि मासूमों की मौत इंसानियत के लिए गहरी चोट है और ऐसे समय में पूरी उम्मत को एकजुट होकर शांति, न्याय और मानवता के लिए आवाज़ उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह शोक केवल एक देश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया के संवेदनशील लोगों का साझा दर्द है। इस दौरान स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और नमाज़ पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। यह आयोजन जहां एक ओर धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, वहीं दूसरी ओर वैश्विक घटनाओं के प्रति स्थानीय समुदाय की गहरी संवेदनशीलता और एकजुटता का संदेश भी देता नजर आया।