फतेहपुर। खागा तहसील क्षेत्र के किशनपुर कस्बे में दादों पुल के पास यमुना स्नान के दौरान एक युवक डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय मछुआरों की मदद से तलाश शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के धर्मदासपुर गांव निवासी 22 वर्षीय अमित कुमार लोधी अपने दोस्तों के साथ बांदा जनपद जा रहा था। रास्ते में दादों पुल के पास सभी साथी वाहन खड़ा कर यमुना नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान अमित गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने स्थानीय मछुआरों के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की। कई घंटे तक जाल डालकर तलाश की गई, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। शाम करीब पांच बजे एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा। समाचार लिखे जाने तक पुलिस, एसडीआरएफ और मछुआरों की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई थी। वहीं किशनपुर थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
