डीएम रविन्द्र सिंह ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का किया शुभारंभ



फतेहपुर। जिला महिला चिकित्सालय में शुक्रवार को एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पात्र बालिकाओं को यह टीका अवश्य लगवाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जिससे बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन कारगर है। उन्होंने कहा कि जिन बालिकाओं ने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और 15 वर्ष की नहीं हुई हैं, वे इस टीकाकरण के लिए पात्र हैं। साथ ही जो बालिकाएं अभियान शुरू होने के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की होने वाली हैं, उन्हें भी शामिल किया गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद में 31,443 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 7,920 डोज वैक्सीन प्रयागराज मंडल से प्राप्त हो चुकी है, जिन्हें विभिन्न कोल्ड चेन प्वाइंट पर वितरित किया गया है।
उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले संक्रमण से बचाती है और गर्भाशय ग्रीवा सहित अन्य प्रकार के कैंसर से सुरक्षा प्रदान करती है। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव नयन गिरि, डॉ. इश्तियाक अहमद, डॉ. विमलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं UNICEF, WHO के प्रतिनिधि मौजूद रहे।