फतेहपुर में नए सुन्नी काज़ी-ए-शहर का भव्य स्वागत, सामाजिक सुधार की अपील


फतेहपुर। जिले में सुन्नी काज़ी-ए-शहर कारी फरीदुद्दीन के निधन के बाद रिक्त चल रहे इस महत्वपूर्ण पद पर आबूनगर निवासी मुफ्ती शहाबुद्दीन की नियुक्ति के उपरांत उनके आवास पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के उलेमा, गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकारों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
मोहल्ला आबूनगर स्थित आवास पर आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों ने मुफ्ती शहाबुद्दीन का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए मुबारकबाद दी। वक्ताओं ने कहा कि काज़ी-ए-शहर का पद अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरा होता है, जिससे समाज में शरीयत के अनुरूप मार्गदर्शन, अमन-चैन और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। इस अवसर पर गाजी अब्दुर्रहमान गनी ने समाज में फैली बुराइयों को समाप्त करने पर जोर देते हुए कहा कि यह कार्य सामूहिक सहयोग से ही संभव है। उन्होंने शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में डीजे के प्रयोग से बचने की अपील करते हुए सादगी और धार्मिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि काज़ी-ए-शहर की भूमिका केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज का मार्गदर्शन करना, आपसी विवादों का समाधान करना, युवाओं को सही दिशा देना तथा शिक्षा और एकता को बढ़ावा देना भी उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।
समारोह में अधिवक्ता शुएब खान, आमिर, अमजद, साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार जर्रेयाब खान, मोबीन खान, मोहम्मद आसिफ, हाजी फरीद, शब्बू, इरफान अली, अमान जाफरी, शमशाद, नफीस जाफरी, मौलाना शफीक, हाफिज नदीम सरवर, मौलाना शमीम अख्तर मिस्बाही, मौलाना करामात, हाफिज रुकुम, हाफिज शाहिद रजा फतेहपुरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी ने एक स्वर में विश्वास जताया कि मुफ्ती शहाबुद्दीन के नेतृत्व में शहर का मुस्लिम समाज और अधिक संगठित होगा तथा धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में सकारात्मक दिशा प्राप्त करेगा।