– समस्याएं न सुलझने पर आंदोलन की चेतावनी
बिंदकी/फतेहपुर। किसान मजदूर मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तहसील परिसर पहुंचकर संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी को 13 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इससे पहले मोर्चा कार्यालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर सिंह पटेल ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करेगा।
दोपहर करीब एक बजे मोर्चा के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे, जहां सभागार में जिलाधिकारी रविंद्र सिंह, विधायक राजेंद्र सिंह पटेल व अन्य अधिकारी फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सभी को अंदर जाने से रोका और प्रतिनिधिमंडल को ही प्रवेश दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखीं। ज्ञापन में किसान मजदूर आयोग के गठन, पशुपालन करने वाली महिलाओं को किसान सम्मान निधि देने, किसानों की आय दोगुनी करने, खाद-बीज व कृषि यंत्रों के दाम कम करने, बीमा राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख करने, किसानों के बच्चों को नौकरी में आरक्षण देने, दिव्यांग, वृद्ध व विधवा पेंशन 5000 रुपये करने तथा सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सक व दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। इससे पहले ललौली चौराहा स्थित मोर्चा कार्यालय में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर सिंह पटेल ने कहा कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसान मजदूर मोर्चा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। इस मौके पर अरविंद कुमार पटेल, महावीर गौतम, प्रियंका पाल, उमा देवी, राजकली, रामराज, दीपांशु पटेल, सन्नो देवी, सीमा पाल, इंद्रपाल, शांति देवी, सुमित्रा देवी, रामनारायण, सदाशिव विश्वकर्मा, मोतीलाल, चंद्रशेखर, नम्रता देवी, तेजपाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे हैं।
