15वें वित्त आयोग के तहत शाहगंज में ₹45.77 लाख के विकास कार्य स्वीकृत

शाहगंज (जौनपुर)। नगर पालिका परिषद शाहगंज द्वारा 15वें वित्त आयोग (अनटाइड ग्रांट) के अंतर्गत कराए जाने वाले विकास कार्यों की सूची जारी कर दी गई है। इस योजना के तहत नगर के विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।
जारी सूची के अनुसार मोहल्ला नौन्हट्टा सहित वार्ड संख्या 20, 14, 06 एवं 24 के कई क्षेत्रों में नाली एवं इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण प्रस्तावित है। इनमें जय प्रकाश के मकान से तालाब तक, छग्गू के मकान से तालाब तक, शफू के घर से बारादरी कब्रिस्तान तक, मुन्नीलाल से शंकर चौहान के मकान तक तथा रशीद से फखरुल अहमद के घर तक के मार्ग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, वार्ड संख्या 06 के हुसैनगंज मोहल्ले में लालचंद की चाय की दुकान से संतोष तिवारी के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण तथा वार्ड संख्या 24 के पश्चिमी कोड़िया क्षेत्र में जौनपुर मेन रोड से सत्तन साहू के मकान तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य प्रस्तावित किया गया है। इन सभी विकास कार्यों पर लगभग ₹45,77,722 की धनराशि व्यय की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, कार्य पूर्ण होने के बाद जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा तथा नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रचना सिंह ने कहा कि इन कार्यों से शाहगंज नगर का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम में प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह ‘बंटी’, अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी, श्रेयांश गुप्ता, फैजान अहमद, परवेज़ अहमद, नगर अध्यक्ष अरशद अंसारी, चंदन कुमार जायसवाल, संतोष अग्रहरि सहित नगर पालिका के 25 वार्डों के सभासद एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।