– समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के भिटौरा ब्लॉक अध्यक्ष आजम के नेतृत्व में किसानों ने हुसैनगंज पावर हाउस पहुंचकर अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि क्षेत्र में उन्हें कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिनका शीघ्र समाधान बेहद आवश्यक है। किसानों ने फसल से जुड़े मुद्दों, बिजली आपूर्ति में अनियमितता, सिंचाई व्यवस्था की कमी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर अपनी मांगें प्रमुख रूप से उठाईं।
किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने अधिकारियों से इन समस्याओं पर तत्काल ध्यान देते हुए जल्द से जल्द समाधान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
