फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धमकी एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरण सामने आए, जिन पर पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके पर ही संबंधित शाखाओं को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनविश्वास बनाए रखने के लिए पुलिस और जनता के बीच संवाद आवश्यक है, जिसे आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
