फतेहपुर। भारतीय जनता पार्टी की महिला पदाधिकारियों एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं द्वारा बुधवार को नारी शक्ति वंदन बिल के समर्थन में स्कूटी रैली और हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को महिलाओं का व्यापक समर्थन मिला और इसे उत्साहपूर्वक सफल बनाया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने आईटीआई मैदान से स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पटेल नगर चौराहा, बुलेट चौराहा और पथरकटा चौराहा होते हुए पुनः आईटीआई मैदान में समाप्त हुई। इस दौरान महिलाओं ने नारी सशक्तिकरण के समर्थन में जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार देने की दिशा में लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक मजबूत आधार साबित होगा। इसी कड़ी में जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं और महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान छात्राओं ने ‘नारी दीवार’ बनाकर एकजुटता और सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजपा की जिला महामंत्री सुशीला मौर्या, रेखा सरोज, सुनिधि तिवारी, आशुतोष त्रिवेदी, पंकज त्रिपाठी, पुष्पराज पटेल, विमलेश पांडेय सहित कई पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। वहीं गायत्री सिंह, मंजू शुक्ला, बबुनी निषाद, ज्योति प्रवीण, विजय लक्ष्मी साहू, मधु शर्मा, संजना द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में महिलाओं की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और छात्राओं ने हस्ताक्षर कर नारी शक्ति वंदन बिल के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
