फतेहपुर। जनपद के राधा नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढकौली गांव के समीप एक अनियंत्रित ई-रिक्शा पलट जाने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल इलाज के लिए उसे अस्पताल भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नई बस्ती मोहल्ला निवासी स्वर्गीय लक्ष्मण प्रसाद का 37 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। वह रोज की तरह रविवार को भी सवारी की तलाश में निकला था। इसी दौरान ढकौली गांव के पास अचानक उसका ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल सरकारी एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल संतोष कुमार को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और ई-रिक्शा संचालन में सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
