समाजवादी पार्टी कल मनाएगी आचार्य नरेंद्र देव व सरदार पटेल की जयंती

– प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सभी जिलों में आयोजन के निर्देश दिए

लखनऊ। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने पार्टी के सभी जिला व महानगर अध्यक्षों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पत्र जारी कर कल (31 अक्टूबर 2025) को विशेष आयोजन करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को समाजवाद के महानायक, दार्शनिक और शिक्षाविद् आचार्य नरेंद्र देव जी की जयंती है, जिनका जन्म फैजाबाद के एक प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था। आचार्य नरेंद्र देव जी का जीवन त्याग, सेवा और वैचारिक गहराई का प्रतीक रहा। उन्होंने देश के लिए समाजवाद और बौद्ध दर्शन को आधार बनाकर जनजागरण किया। इसी दिन लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की भी जयंती है। श्याम लाल पाल ने कहा कि सरदार पटेल ने 565 रियासतों को भारत में सम्मिलित कर देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ बनाया। उनके दृढ़ संकल्प, कुशल प्रशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण से देश ने एकता और सौहार्द का संदेश पाया।
प्रदेश अध्यक्ष ने निर्देश दिया है कि समाजवादी पार्टी के सभी जिला एवं महानगर इकाइयाँ अपने-अपने जनपदों में दोनों महापुरुषों की जयंती पर संगोष्ठी, चर्चा या कार्यक्रम आयोजित करें, जिनमें उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और आदर्शों पर विमर्श हो तथा कार्यकर्ता उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें।