फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक बैठक नहर कॉलोनी निरीक्षण भवन में संपन्न हुई, जिसमें किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के नलकूपों के विद्युत कनेक्शन के एस्टीमेट में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी पर कड़ा विरोध जताया गया। संगठन ने इसे किसान विरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की। इसके साथ ही विद्युत विभाग द्वारा बनाए जा रहे नए कृषि फीडरों पर भी चर्चा हुई। किसानों को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक लगभग 10 घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है, लेकिन किसानों ने रात्रि में बिजली न मिलने को बड़ी समस्या बताया। उनका कहना है कि अधिकांश किसान परिवार सहित 24 घंटे नलकूपों पर रहते हैं, ऐसे में रात के समय रोशनी की व्यवस्था न होने से जंगली जानवरों और चोरी का खतरा बना रहता है। इसलिए रात में कम से कम एक फेस बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने के लिए गांव-गांव किसान पंचायत आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि अधिक से अधिक किसानों को जोड़ा जा सके। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम सहित प्रीतम सिंह चंदेल, छोटे सिंह, दीपक गुप्ता, महेंद्र सिंह भदौरिया, अजय प्रजापति, सोनू सिंह, उमेश परमार, संजय तिवारी, गुलाब सिंह यादव, रवि मौर्य, अजय सिंह, दिनेश सिंह, मोहम्मद तारीख, रंजन चौहान, राम आधार, रजत मिश्रा, प्रमोद, दीपेश सिंह, बबलू सिंह, कामता सिंह, रामसनेही निषाद, संतु निषाद, वीरेंद्र यादव, भगवान दीन समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
