जोगापुर में 23 मार्च को होगा विशाल मां भगवती जागरण, कानपुर के कलाकार देंगे प्रस्तुति



बिंदकी/फतेहपुर। बिंदकी क्षेत्र के ग्राम जोगापुर स्थित मंदिर परिसर में 23 मार्च को भव्य मां भगवती जागरण का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सागर शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशाल रात्रि जागरण में कानपुर नगर के ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे। जागरण में देवी गीत, भजन और झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में जोगापुर, रामपुर और महमूदपुर सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में देवी भक्त हिस्सा लेंगे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान देंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार बृजेश मिश्र के करकमलों द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, विधायकों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां भगवती के जागरण में शामिल होने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।