फतेहपुर। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा गठित टास्क फोर्स के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए डीएम ने ऑपरेशन कायाकल्प सहित अन्य बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परिषदीय विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जिन पैरामीटरों का कार्य अभी शेष है, उन्हें शीघ्र पूर्ण कर सभी विद्यालयों को संतृप्त किया जाए। उन्होंने शौचालय निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए शासन के मानक के अनुसार 100 छात्र-छात्राओं पर एक शौचालय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में फर्नीचर और टाइल्स का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। वहीं खंड शिक्षा अधिकारियों को स्मार्ट क्लास और टीएलएम किट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का प्रदर्शन बेहतर है, उनके अनुभव अन्य विद्यालयों में भी साझा करने को कहा गया। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि जिन विद्यालयों में आरबीएसके टीम के सत्र नहीं हुए हैं, वहां 31 मार्च तक विशेष शिविर लगाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में अपार आईडी 80 प्रतिशत से कम है, वहां संबंधित अधिकारियों को चेतावनी जारी करते हुए शत-प्रतिशत आईडी बनवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वर्ष 2026-27 के “स्कूल चलो अभियान” के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारी करने, प्रशिक्षण आयोजित करने और प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। साथ ही जिन विद्यालयों में नामांकन प्रतिशत कम है, वहां विशेष प्रयास कर नामांकन बढ़ाने को कहा। डीएम ने 25 मार्च को प्रस्तावित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि अच्छी उपस्थिति वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया जाए। इसके अलावा, जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने और शेष नीलामी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीसी मनरेगा, सभी खंड विकास अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
